पलारी के ग्राम बिनौरी में श्रद्धा भाव से मनाया गया मां शीतला देवी का जुड़वास उत्सव

वीडियो देखे

तारीख: 26 जून 2025 स्थान: ग्राम बिनौरी, तहसील पलारी





ग्राम बिनौरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां शीतला देवी का पारंपरिक जुड़वास उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। आषाढ़ मास के अंतिम दिनों में आयोजित इस उत्सव में समस्त ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और सियान जन बड़ी संख्या में शामिल हुए।


सुबह से ही गांव में उत्सव का माहौल प्रारंभ हो गया था। मांदर की थाप और जस गीतों की मधुर ध्वनि के साथ भक्तों ने तालाब पार स्थित मां शीतला देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान बैगा जगत राम दीवार एवं बर्मनद दीवार द्वारा पूजा विधि संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि "हर वर्ष आषाढ़ मास के अंत में यह जुड़वास उत्सव मनाया जाता है, जिसमें गांव के सभी वर्ग के लोग मां के दर्शन और शांति के लिए शामिल होते हैं।"


गांव के सियान बुधारू साहू ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और सावन माह के पूर्व मां शीतला देवी की कृपा प्राप्त करने के उद्देश्य से जुड़वास का आयोजन होता है। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पूजा का विशेष क्रम चला, जिसमें मां शीतला की शांति के लिए जल छिड़काव और भक्ति गीतों का आयोजन किया गया।


इस धार्मिक आयोजन में गांव के वरिष्ठ जन लक्ष्मण ध्रुव, मन्त राम साहू, सालिक साहू, गेंदराम, सियाराम तथा समस्त जस गीत समिति के सदस्य उपस्थित रहे और अपनी सहभागिता से आयोजन को सफल बनाया।


गांव के देवी-देवताओं की स्तुति, सुख-शांति की कामना और सामूहिक भागीदारी ने इस पारंपरिक पर्व को एक अद्भुत धार्मिक आयोजन में परिवर्तित कर दिया।