राजस्व प्रकरण में लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार पर तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस


सक्ती, 4 जुलाई 2025:

सक्ती जिले के जयपुर तहसीलदार श्री एन.के. सिन्हा को जिला प्रशासन द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस राजस्व प्रकरण के निराकरण के दौरान आम जनता से किए गए अमर्यादित व्यवहार तथा नियम विरुद्ध रूप से धनराशि लेने के आरोप में जारी किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2025 को दिलीप कुमार द्वारा दुर्गेश सिदार के खाते में ₹15,000/- की राशि डाली गई थी। इसके अतिरिक्त, 26 मार्च 2025 को ₹5,000/- की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर अनुचित लाभ प्राप्त करने का मामला भी सामने आया है। इन दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिससे प्रशासन की छवि को गहरा आघात पहुँचा है।


कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि श्री सिन्हा का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 का उल्लंघन है। उन्हें तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


इस घटनाक्रम से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है, और इसे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की आवश्यकता के रूप में देखा जा रहा है।