देवगांव (पलारी)

आज पलारी अंतर्गत ग्राम देवगांव में गोवर्धन पूजा बड़े ही हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके से मनाई गई। इस अवसर पर यादव समाज की महिलाओं और पुरुषों ने भारी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया। गांव के अन्य ग्रामीणों ने भी उत्सव में शामिल होकर आयोजन को और भी उल्लासमय बना दिया।


पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने लायक था। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आराधना के साथ यह पारंपरिक पर्व और भी अधिक भक्ति भाव से संपन्न हुआ।


कार्यक्रम के दौरान यादव समाज के बुजुर्गों ने पारंपरिक दोहे गाकर न केवल वातावरण को भक्तिमय बनाया, बल्कि छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य और गान प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।


गांव में पहली बार इतने बड़े स्तर पर गोवर्धन पूजा मनाई गई, जिससे गांववासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन ना केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं और बच्चों में संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।