नवी मुंबई में आयोजित भारत गौरव सम्मान समारोह में राजकुमार सतनामी को मिला सम्मान

नवी मुंबई, 12 नवंबर — नवी मुंबई में आयोजित भारत गौरव सम्मान समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार सतनामी को सम्मानित किया जाना था, किंतु वे व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।


राजकुमार सतनामी के अनुसार, सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर आवाज उठाने के कारण उनके विरुद्ध पुलिस प्रशासन ने प्रकरण दर्ज किया है, जिसके चलते उन्हें 14 नवंबर को पथरिया एसडीएम कार्यालय में ज़मानत हेतु उपस्थित होने का निर्देश मिला। इसी वजह से वे 10 नवंबर को निर्धारित मुंबई यात्रा पर नहीं जा सके और कार्यक्रम में सम्मिलित होने से वंचित रह गए।

कार्यक्रम आयोजक ‘नमस्कार ग्रुप’ ने उनके सामाजिक कार्यों को देखते हुए सम्मान को कुरियर के माध्यम से उनके घर भेजकर उन्हें सम्मानित किया। इस पर राजकुमार सतनामी ने ग्रुप का आभार जताया और इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि इस सम्मान की प्राप्ति में उनके ग्रामवासियों, माता-पिता और समाज के सहयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों और ‘नमस्कार ग्रुप’ का हृदय से धन्यवाद प्रकट किया।


राजकुमार सतनामी स्वयं को “क्रांतिकारी सामाजिक कार्यकर्ता सर्व समाज” और “सामाजिक जेल यात्री” के रूप में परिचित कराते हैं और समाज के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रूप से अपनी आवाज उठाते रहे हैं।