---
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन में प्रीत लाल कुर्रे बने प्रदेश सह सचिव, पत्रकार हितों को मजबूती मिलने की उम्मीद
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन, जो कि भारतीय श्रमिक संघ अधिनियम 1926 के अंतर्गत पंजीकृत एवं इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (नई दिल्ली) से संबद्ध संगठन है, प्रदेशभर में पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में संगठन ने सक्रिय, कर्मठ और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकार श्री प्रीत लाल कुर्रे को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
नियुक्ति पत्र के अनुसार श्री प्रीत लाल कुर्रे निवासी कुर्रे, 344, तेलासी, बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़) को संगठन की नीतियों को धरातल पर उतारने, पत्रकारों की समस्याओं को संगठन के उच्च स्तर तक पहुँचाने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश महासचिव श्री कुलवंत सिंह सलूजा द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में श्री कुर्रे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया गया है कि वे संगठन की गरिमा को बनाए रखते हुए निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देंगे। साथ ही वे प्रदेश स्तर पर संगठन के विस्तार और पत्रकारों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
श्री प्रीत लाल कुर्रे की नियुक्ति की खबर सामने आते ही पत्रकार जगत में हर्ष का माहौल देखा गया। जिले एवं प्रदेश के कई वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में पत्रकारों की आवाज और अधिक प्रभावशाली होगी।
अपनी नियुक्ति पर श्री प्रीत लाल कुर्रे ने छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।







0 टिप्पणियाँ