भिलाई में संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती की तैयारी पर मंथन, भारत रत्न देने की मांग तेज

भिलाई (छत्तीसगढ़)। जगदंबा होटल, भिलाई में छत्तीसगढ़ रजक समाज कर्मचारी एवं व्यापारी महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की।

बैठक में स्वच्छता अभियान के जनक संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने, पारिवारिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा समाजहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने स्वच्छता, सामाजिक समानता और शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता का अलख जगाया। उनके विचारों से प्रेरित होकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी उन्हें अपना गुरु माना था।

महासंघ ने सर्वसम्मति से केंद्र सरकार से संत गाडगे बाबा को भारत रत्न से सम्मानित करने तथा उनकी जयंती को “निर्मल दिवस” घोषित कर सार्वजनिक अवकाश प्रदान करने की मांग की। वक्ताओं का कहना था कि इससे गाडगे बाबा के स्वच्छता, सेवा और समता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा और नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम (सरस्वती स्टेशन के पास) में आयोजित सार्वजनिक संत गाडगे जयंती समारोह में समाज के सभी सदस्य परिवार सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। संगठन द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों एवं सुविधाओं में भागीदारी के लिए प्रत्येक सदस्य से 120 रुपये सहयोग राशि जमा करने का आग्रह किया गया।

इसके साथ ही देशभर में रजक समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ज्ञापन सौंपकर आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया। संगठन ने इस दिशा में हरसंभव प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक के उपरांत शिवनाथ रजक ने अपने पुत्र के पुलिस विभाग में नियुक्ति होने की खुशी में उपस्थित सदस्यों को मिठाई खिलाकर प्रसन्नता साझा की।

बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, सचिव मछंदर प्रसाद, कोषाध्यक्ष मोतीलाल बैठा, सलाहकार लालचंद्र कन्नौजिया, भीमचंद्र निर्मलकर, अमरजीत बैठा, नारायण बैठा, शिवनाथ रजक, वीरेंद्र बैठा, इंदल बैठा, शिवपुरी प्रसाद, गजेंद्र प्रसाद (युवा विंग), प्रदीप रजक, हरिकिशोर बैठा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।