जहरीला दूध पीने से 4 की मौत, 12 लोग अस्पताल में भर्ती, डिटर्जेंट और यूरिया की मिलावट से गई जान, डेयरी संचालक हिरासत में 


आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम क्षेत्र में मिलावटी दूध पीने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवारों की शिकायत के बाद पुलिस ने एक डेयरी संचालक को हिरासत में लिया है। 

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान एन. शेषागिरी राव (72), राधाकृष्ण मूर्ति (74), ताड़ी कृष्णावेनी (76) और ताड़ी रमानी (58) के रूप में हुई है। इनमें से दो की मौत रविवार को और दो की सोमवार को हुई। सभी मृतक चौदेश्वरी नगर के निवासी थे। वहीं करीब 12 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूध में डिटर्जेंट और यूरिया जैसी हानिकारक चीजें मिलाई गई थीं। बताया जा रहा है कि एक अनधिकृत दूध विक्रेता द्वारा सप्लाई किया गया दूध पीने के बाद लोग बीमार पड़ने लगे। 16 फरवरी से राजामहेंद्रवरम के चौदेश्वरी नगर इलाके में उल्टी, पेट दर्द और गुर्दे से संबंधित समस्याओं के मामले सामने आने लगे थे। 

पीड़ित परिवारों की शिकायत के बाद पुलिस ने एक डेयरी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्ध दूध के नमूनों को जांच के लिए हैदराबाद और विशाखापत्तनम की प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।