5 करोड़ का 9 क्विंटल गांजा जब्त, कंटेनर ट्रक में गुप्त चैंबर बनाकर हो रही थी तस्करी
कवर्धा – मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कवर्धा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 5 करोड़ रुपये कीमत का 9 क्विंटल गांजा जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चिल्फी थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, एक कंटेनर ट्रक में गुप्त चैंबर बनाकर गांजे की तस्करी की जा रही थी। ट्रक से कुल 30 बोरियां बरामद की गईं, जिनमें प्रत्येक बोरी में 30-30 किलो गांजा भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा उड़ीसा से राजस्थान ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा सहित कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक नागालैंड पासिंग बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने अयाज खान, निवासी राजस्थान, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।





0 टिप्पणियाँ