प्रदेश का बजट आम जनता के लिए निराशाजनक : शत्रुहन बारले


रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश का बजट मंगलवार को विधानसभा में वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय जनसभा पार्टी के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शत्रुहन बारले ने कहा कि प्रदेश की आम जनता बड़ी उम्मीदों के साथ बजट की ओर देख रही थी, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।


उन्होंने कहा कि बजट में न तो प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस प्रावधान किया गया है और न ही बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए कोई प्रभावी योजना दिखाई देती है। आम जनता को राहत देने के लिए टैक्स में किसी प्रकार की कटौती का भी कोई प्रावधान नहीं है।


शत्रुहन बारले ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, बजट पूरी तरह उनके विपरीत पेश किया गया है। गरीब एवं मध्यम वर्ग के हित में कोई ठोस कदम नहीं दिखता। सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी कोई विशेष प्रावधान नजर नहीं आया।


उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर बजट में केवल वित्त मंत्री का लंबा भाषण सुनने को मिला, लेकिन ज़मीनी स्तर पर जनता को राहत देने वाली कोई ठोस योजना सामने नहीं आई। इस बजट से प्रदेश की जनता को केवल निराशा ही मिली है।