गिरौदपुरी गुरु दर्शन मेला के सफल आयोजन पर कलेक्टर को सतनामी समाज ने दिया आभार, साल-श्रीफल भेंट कर किया सम्मान

बलौदाबाजार - प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल गिरौदपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत-समागम मेला के सफल संचालन को लेकर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर दीपक सोनी से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मेला के दौरान उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था, सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं तकनीकी नवाचारों के लिए कलेक्टर की सराहना करते हुए साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि 22 फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित गुरु दर्शन मेला में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद प्रशासन द्वारा की गई बेहतर तैयारियों के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। विशेष रूप से क्यूआर कोड जारी कर मेला की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, स्वच्छता और चुस्त-दुरुस्त पुलिस व्यवस्था की व्यापक सराहना की गई। श्रद्धालुओं को समय पर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक अमले की सक्रियता भी उल्लेखनीय रही।

प्रतिनिधिमंडल ने जिले में कलेक्टर के नेतृत्व में सुगमता पूर्वक जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण, पारदर्शी प्रशासन एवं जनहितकारी कार्यों के लिए भी बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने समाज के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के सहयोग से ही ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने और आगामी वर्षों में और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव मोहन बंजारे, जिला अध्यक्ष दीपक घृतलहरे, जिला महासचिव सुशील बंजारे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश बघेल, मीडिया प्रभारी सहदेव जोशी, संरक्षक नरोत्तम बघेल, उपाध्यक्ष जगन्नाथ महिलांग, कोषाध्यक्ष लेखराम गनहरे, पलारी ब्लॉक उपाध्यक्ष अशोक मांडले, मोहरसिंह चतुर्वेदी, डॉ. भीम खुंटे सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की सक्रियता एवं समाज के सहयोग से आने वाले वर्षों में गिरौदपुरी गुरु दर्शन मेला और भी अधिक सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप में आयोजित होगा, जिससे प्रदेश सहित देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।