रायपुर: फुले-अंबेडकर विचार मंच द्वारा 14 मार्च को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
रायपुर। सामाजिक जागरूकता और इतिहास की जानकारी को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से फुले-अंबेडकर विचार मंच, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पंचशील बुद्ध विहार, डॉ. राजेंद्र नगर, रायपुर में सुबह 11:30 बजे से आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार इस प्रशिक्षण शिविर में समाज के इतिहास, बहुजन आंदोलन और महान समाज सुधारकों के विचारों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:30 बजे शिविर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु दत्त बघेल द्वारा की जाएगी।
इसके बाद विभिन्न विषयों पर वक्ताओं द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक सुरेश बंजारे (भिलाई) द्वारा सिंधु घाटी सभ्यता से मुगल काल प्रारंभ तक (3500 ई.पू. से 1150 ई.) के इतिहास पर जानकारी दी जाएगी। वहीं 1:00 बजे से 1:40 बजे तक नरेंद्र वर्मा (रायपुर) मुगल काल प्रारंभ से ब्रिटिश काल प्रारंभ (1150 ई. से 1797 ई.) तक के इतिहास पर प्रकाश डालेंगे।
दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक सत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले और छत्रपति शाहूजी महाराज (1800 से 1922 ई.) के सामाजिक योगदान पर चर्चा होगी। इसके बाद 3:00 बजे से 4:00 बजे तक डॉ. भीमराव अंबेडकर (1916 से 1956) के जीवन, संघर्ष और विचारों पर व्याख्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए बीच-बीच में अल्पाहार और चाय का भी प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम के संयोजक जे. पी. बौद्ध ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर ज्ञानवर्धन करने की अपील की है।
आयोजकों ने बताया कि समाज को अपने इतिहास और महापुरुषों के संघर्षों को समझना बेहद आवश्यक है, तभी समाज संगठित होकर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है।





0 टिप्पणियाँ