📰 राजधानी रायपुर के ललित महल में भीषण आग, शादी का पंडाल जलकर खाक

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित ललित महल में गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय यहां शादी का रिसेप्शन कार्यक्रम चल रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि रिसेप्शन के लिए बनाया गया पूरा पंडाल देखते ही देखते जलकर खाक हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार, आग लगते ही मौके पर मौजूद मेहमानों के बीच भगदड़ मच गई। धुएं के कारण कई लोग खांसते हुए बाहर की ओर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग काफी तेजी से फैली, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।


बताया जा रहा है कि कार्यक्रम का आयोजन डेस्टिनेशन इवेंट के तहत किया जा रहा था, जिसकी जिम्मेदारी इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े प्रतीक चांडक के पास थी। प्रारंभिक तौर पर इस मामले में लापरवाही की बात सामने आ रही है।


घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पंडाल में लगी भीषण आग और लोगों की अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है।


फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।


प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।