*रायपुर में दिल दहला देने वाला हादसा: मोमोस ठेले पर गैस सिलेंडर फटा, मासूम सहित कई लोग झुलसे*
रायपुर - शहर के मरीन ड्राइव के पास स्थित सृष्टिप्लाजा अवन्तिबिहार के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे संचालित कबीर मोमोस वाला नाम के ठेले में अचानक गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और देखते ही देखते दर्जनों लोग इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय ठेले पर कई ग्राहक मोमोस खाने के लिए खड़े थे। अचानक सिलेंडर फटते ही आग की लपटें उठीं और वहां मौजूद लोग झुलसने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इस दर्दनाक हादसे में बलौदाबाजार जिले के कसडोल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम घिरघोल (पुटपुरा) निवासी 3 वर्षीय मासूम गर्वित चौहान गंभीर रूप से झुलस गया है। उसी बच्चे की छोटी बहन और माँ शहोद्रा चौहान भी चपेट मे आयी है। मासूम गर्वित की हालत बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। उसे तत्काल डीकेएस हॉस्पिटल, रायपुर के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। मासूम की हालत देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
घटना में अन्य कई लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है। अचानक हुए इस धमाके से मरीन ड्राइव क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर सिलेंडर में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
यह हादसा एक बार फिर सड़क किनारे संचालित ठेलों में गैस सिलेंडर के उपयोग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।









0 टिप्पणियाँ