प्रेस विज्ञप्ति


गिरौदपुरी धाम की मान्यता प्राप्त संस्था ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से की सौजन्य भेंट

गिरौदपुरी धाम / बलौदाबाजार

दिनांक: 03 मार्च 2026


प्रदेश सतनामी समाज गिरौदपुरी धाम छत्तीसगढ़ की एकमात्र मान्यता प्राप्त संस्था/संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार शाम 4:30 बजे जिला बलौदाबाजार के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कलेक्टर को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया तथा सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।


संस्था के प्रदेश महासचिव उत्तम टंडन ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन महान संत शिरोमणि परम पूज्य गुरु घासीदास बाबाजी के सतमार्ग पर चलकर उनके संदेश “मानव-मानव एक समान है” को चरितार्थ करने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था पीड़ित, शोषित, असहाय, गरीब एवं दबे-कुचले दलित वर्ग के लोगों से न्याय के लिए आवेदन आमंत्रित कर संवैधानिक दायरे में उन्हें न्याय दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रयासरत है।


उन्होंने बताया कि समाजहित में संगठन द्वारा समय-समय पर विचार एवं सुझाव आमंत्रित किए जाते हैं और अच्छे सुझावों को अमल में लाकर कार्य किया जाता है। मुलाकात के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने सामाजिक मुद्दों से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर महोदय ने गंभीरता से विचार करने और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।


इस अवसर पर संस्था के प्रदेश अध्यक्ष श्री पी. डी. जहरीले, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेश घृतलहरे, संभाग अध्यक्ष रायपुर श्री रामसिंग सोनवानी, प्रदेश प्रतिनिधि श्री देवेंद्र गहरवार, जिलाध्यक्ष श्री संतोष नवरंगे एवं श्री प्रदीप जोशी उपस्थित रहे।


प्रेस विज्ञप्ति संस्था के प्रदेश महासचिव श्री उत्तम टंडन द्वारा जारी की गई।