शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गिर्रा में विज्ञान मेला आयोजित






राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 28 फरवरी को पलारी विकास खंड अंतर्गत ग्राम गिर्रा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गिर्रा में विज्ञान मेला बड़े ही रोचक, चमत्कारिक एवं विविधतापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान के विभिन्न आयामों को आकर्षक मॉडलों एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में यह समझ विकसित करना था कि विज्ञान क्या है, मानव जीवन पर उसका क्या प्रभाव है तथा मानव अस्तित्व के विकास में विज्ञान का किस प्रकार योगदान है। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न मॉडलों का निर्माण एवं प्रदर्शन कर विषय को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया।

मुख्य रूप से अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित सौरमंडल, तारामंडल एवं रॉकेट प्रक्षेपण के मॉडल प्रदर्शित किए गए। कृषि क्षेत्र में सोलर पद्धति से सिंचाई, कृषि यंत्रों का उपयोग तथा खाद्य श्रृंखला का प्रदर्शन किया गया। नवाचार एवं प्राकृतिक गतिविधियों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा संरक्षण के नियम पर आधारित एक पंखे की सहायता से दूसरे खराब पंखे के संचालन का सफल प्रदर्शन किया गया।

इसके अतिरिक्त जल शोधन संयंत्र, उत्सर्जन तंत्र, श्वसन तंत्र, ज्वालामुखी, पुष्प की संरचना, दोलन गति, पृथ्वी की परतें, वायुमंडल की परतें, विद्युत धारा, चुंबकीय प्रेरण, जल चक्र एवं जल के विभिन्न स्रोतों सहित कुल 38 से अधिक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। विद्यालय के लगभग 70 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने माता-पिता एवं पालकों के समक्ष अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक डी. केश कुमार चंद्राकर ने विज्ञान शिक्षिका रोशनी साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विज्ञान शिक्षिका रोशनी साहू ने भी विज्ञान की उपयोगिता पर सारगर्भित जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन को किस प्रकार प्रभावित करता है।

कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं क्रमशः सुनील वर्मा, रूपाली साहू, रवि शंकर चंद्राकर, सुमित्रा साहू, लीला गिलहरे, तारिणी वर्मा, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के ताम्रध्वज साहू सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण, ग्रामवासी—महेंद्र साहू, द्रौपदी, देवकी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।