*पलारी: बलौदी के पास भीषण* *सड़क हादसा, युवक* *की मौत, तीन* *गंभीर* *घायल*
पलारी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बलदाऊ वर्मा (24), पिता कुंजराम वर्मा, निवासी गांधी चौक पलारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बलदाऊ वर्मा अपनी बाइक से पलारी से रोहांसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोहांसी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर (तूफान) वाहन क्रमांक सीजी 24 ई 9962 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलदाऊ वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद अनियंत्रित क्रूजर वाहन ने आगे चल रही एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी। स्कूटी में दो बहन और एक भाई सवार थे। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि क्रूजर वाहन चालक शराब के नशे में धुत था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गया।
पलारी पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 6 मार्च को सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा के पास भी एक बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हुए थे।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के विधायक संदीप साहू ने चिंता जताई है और सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।





0 टिप्पणियाँ