*संपर्क केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी*
बलौदाबाजार-भाटापारा, 2 अप्रैल 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज संपर्क केंद्र के माध्यम से एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से लोगों से सीधा संवाद करते हुए योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम के तहत जिले की ग्राम पंचायत कोनी, ओडान, नेवधा, जुड़ा, खर्री, सिंगारपुर, कौड़िया, उड़ेला, मुंडा और बिलारी (क) से ऑनलाइन माध्यम से सीधा संपर्क साधा गया। इस संवाद में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण सम्मिलित हुए, जिन्हें शिक्षा विभाग और क्रेडा (अक्षय ऊर्जा विभाग) द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। संवाद के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कूलों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के बारे में बताया गया। इसी कड़ी में क्रेडा विभाग के अधिकारियों ने सौर ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अक्षय ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं, जैसे सौर सुजला योजना और सौर लाइटों के रखरखाव के बारे में ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। तकनीक के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम किया, बल्कि ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ है।









0 टिप्पणियाँ