देवरी सोनाखान में अघरिया समाज की बैठक संपन्न, कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए-युधिष्ठिर नायक 


सोनाखान। देवरी  क्षेत्र के ग्राम चेचरापाली बया में रविवार  12 अप्रैल 2026 को अखिल भारतीय अघरिया समाज द्वारा वार्षिक बाल सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय अघरिया समाज केंद्रीय समिति की प्रथम महिला अध्यक्ष श्रीमती ऊषा अमर सिंह पटेल के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें महासमुंद अंचल प्रभारी शंकर लाल कौशिक की विशेष उपस्थिति रही।बैठक में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया, जहां आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया और विभिन्न लंबित आवेदनों के निराकरण पर चर्चा करते हुए ठोस पहल की गई। इस दौरान सामाजिक भवन निर्माण, आहता निर्माण, चांदन में नए भवन के उद्घाटन सहित सोनाखान और कसडोल की जमीन से जुड़े मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। 

सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इसके तहत प्रत्येक परिवार से वार्षिक 100 रुपये हंडी शुल्क लेने, शादी शुल्क 1 जनवरी 2026 से 500 रुपये निर्धारित करने तथा प्री-वेडिंग कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 11,000 रुपये का अर्थदंड तय किया गया है। साथ ही देवरी सोनाखान क्षेत्र में जूता चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसमें पूर्व मंत्री स्व. नंद कुमार पटेल, स्व. शक्राजीत नायक और स्व. मोहन लाल चौधरी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

बैठक में सभापति लक्ष्मी लाल नायक, समन्वयक पुनीत राम नायक, क्षेत्रीय अध्यक्ष देवानंद नायक, युवा अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला-पुरुष और आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना से हुई। संचालन युवा अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने किया, जबकि आय-व्यय की जानकारी सचिव खीर प्रसाद चौधरी ने प्रस्तुत की। अंत में चेचरापाली बया के समाजबंधुओं द्वारा सभी के लिए निःशुल्क भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसकी सराहना करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष देवानंद नायक ने सभी का आभार व्यक्त किया।