घर का तस्वीर है, आग के चपेट मे आने से पूरा तब्दील हो गया
पलारी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बोहारडीह में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक भीषण आग ने देखते ही देखते एक परिवार का आशियाना पूरी तरह से राख में तब्दील कर दिया। पीड़ित श्रवण कुमार साहू के अनुसार, घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाते हुए आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार साहू सुबह अपने मिस्त्री कार्य के लिए जरवे गांव गए हुए थे। उनका बेटा भी गांव से बाहर था, जबकि उनकी पत्नी भुनेश्वरी साहू तालाब में नहाने गई हुई थीं। इसी दौरान लगभग सुबह 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेत में आग लगा दी गई। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से फैलते हुए भयानक रूप ले लिया और धीरे-धीरे श्रवण साहू के घर तक पहुंच गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा सारा सामान, यहां तक कि एक साइकिल भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जब भुनेश्वरी साहू नहाकर वापस लौटीं, तो उन्होंने अपने घर को आग की लपटों में घिरा पाया। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गईं।
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि सभी प्रयास विफल साबित हुए। कुछ ही समय में पूरा घर जलकर राख हो गया और परिवार बेघर हो गया।
घटना की सूचना तुरंत थाना गिधपुरी में दी गई, जहां पीड़ित परिवार द्वारा रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शासन-प्रशासन इस पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आएगा या नहीं।














0 टिप्पणियाँ