IPL 2026 : 5 मैचों में 4 हार के बाद भी Playoffs की उम्मीदें अभी जिंदा, मुंबई इंडियंस के लिए ये रहा पूरा समीकरण   



 IPL 2026 : आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर खत्म हो गया है? क्या वो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है? अगर नहीं हुई तो वो कैसे टॉप 4 में एंट्री कर सकती है? आपके इन्हीं सवालों का जवाब हम लेकर हाजिर हुए हैं.

IPL 2026 से पहले जब मुंबई इंडियंस की टीम तैयार हुई तो सभी को लगा कि ये टीम इस बार गर्दा उड़ा देगी. कागजों पर तो टीम मजबूत दिखी, लेकिन मैदान पर फिसड्डी साबित हो रही है. 19वें सीजन में 5 बार की चैंपियन इस टीम ने अब तक 5 मैच खेले, जिनमें से सिर्फ एक जीता और 4 हारे. आखिरी के चारों मैचों में मुंबई की टीम को हार झेलनी पड़ी है. कुल मिलाकर 19वां सीजन टीम और उसके फैंस के लिए किसी डरावने सपने जैसा साबित हुआ है.

हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में से 4 में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. उसे दिल्ली, राजस्थान, बेंगलुरु और अब पंजाब किंग्स ने धूल चटाई है. लगातार चार हार के बाद मुंबई के फैंस अब गणित लगाने में जुटे हैं कि क्या उनकी पसंदीदा टीम अब भी टॉप-4 में जगह बना पाएगी? आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हुए हैं. आइए जानते हैं ये टी प्लेऑफ में कैसे जगह बना सकती है.

मुंबई इंडियंस की मौजूदा स्थिति

आईपीएल में अब तक 24 मैच हो चुके हैं. इतने मैचों के बाद प्वाइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस फिलहाल नौवें स्थान पर है. 5 मैचों में मात्र 1 जीत और 2 अंकों के साथ टीम का नेट रनरेट (-1.076) काफी खराब है. लगातार हार ने टीम के आत्मविश्वास को हिला कर रख दिया है.

प्लेऑफ के लिए कितने अंक हैं जरूरी?

आईपीएल के पिछले कुछ सीजनों के आंकड़ों को देखें, तो 10 टीमों के फॉर्मेट में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने का जादुई आंकड़ा 16 अंक रहा है, हालांकि, कुछ मौकों पर टीमें 14 अंकों के साथ भी बेहतर नेट रनरेट की बदौलत क्वालीफाई कर जाती हैं, लेकिन सुरक्षित रहने के लिए 16 अंक जरूर चाहिए होते हैं.

अब मुंबई को क्या करना होगा?

मुंबई इंडियंस के पास अब लीग स्टेज में 9 मैच बाकी हैं. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए टीम को 14 और अंक चाहिए. इसका मतलब है कि अगले 9 मैचों में से मुंबई को कम से कम 7 मैच जीतने ही होंगे. अगर मुंबई एक भी और मैच हारती है, तो उनकी राह ‘करो या मरो’ वाली हो जाएगी और उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा.

मुंबई का अगला मैच किससे?

मुंबई इंडियंस को अपनी अगली चुनौती चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेलनी है. यह ‘एल क्लासिको’ मुकाबला मुंबई के लिए सीजन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, अगर यहां जीत मिलती है, तो टीम में नई ऊर्जा आएगी, वरना वापसी के दरवाजे लगभग बंद हो सकते हैं. एमआई वो टीम है, जो वापसी करना जानती है, लेकिन उसे इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि एक और हार उसकी लिए प्लेऑफ के रास्ते बंद कर सकती है.