गिधपुरी सुशासन तिहार में 1722 आवेदन प्राप्त

तपती धूप में पानी व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण परेशान, तमोरी को स्वतंत्र पंचायत बनाने की मांग फिर उठी


पलारी। विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत गिधपुरी में आयोजित सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन शामिल हुए। शिविर में खपरी भ., गिधपुरी, देवगांव, मोहगांव, तेलासी, मलपुरी, मोहन, बिजराडीह, बोहारडीह, हरिनभट्ठा, सुंदरावन, गेतरा, जर्व, गाड़ाकुसमी, चरौदा एवं बम्हनी सहित आसपास के गांवों के लोग पहुंचे।


कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाकर योजनाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी विस्तार से बताई गई।


शिविर में कुल 1722 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1656 मांग पत्र एवं 63 शिकायत आवेदन शामिल रहे।


इसी दौरान ग्राम पंचायत खपरी भ. के आश्रित ग्राम तमोरी के ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए तमोरी को स्वतंत्र पंचायत बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि वे वर्षों से यह मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिविर स्थल पर भीषण गर्मी के बावजूद पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिक धूप और गर्मी के कारण स्वास्थ्य खराब होने की आशंका के चलते कई ग्रामीण आवेदन सौंपकर वापस लौट गए। यह विषय पूरे शिविर में चर्चा का केंद्र बना रहा।


कार्यक्रम में पूर्व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष योगेश चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन बिहारी वर्मा, दुर्गा महेश्वरी, ओमप्रकाश चंद्रवंशी, तेजराम वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता भीम यादव, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, मंडल अध्यक्ष मिथिलेश साहू, रोहसी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार कोसले, पलारी मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा, जिला महिला मोर्चा महामंत्री निर्मल रजक, प्रभा कोसले, जनपद सदस्य जनार्दन वर्मा, कृष्ण आजाद, चरण कोसले, सरपंच कौशलेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।