पत्रकारों की सुरक्षा एवं निष्पक्ष पुलिस कार्यवाही की मांग को लेकर प्रेस क्लब ने सौंपा ज्ञापन

बलौदाबाजार। पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं निष्पक्ष पुलिस कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने बुधवार को जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा जनहित से जुड़े मामलों में पत्रकारों द्वारा दिए गए आवेदनों पर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं बरते जाने पर चिंता व्यक्त की गई।


प्रेस क्लब द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के अंतर्गत पत्रकारिता को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसके बावजूद हाल के समय में जिले में ऐसे कई प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें पत्रकारों द्वारा जनहित में प्रस्तुत शिकायतों पर अपेक्षित वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, जबकि पत्रकारों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर तत्काल सक्रियता दिखाई गई।


ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रेस क्लब केवल सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत पीड़ितों के आवेदन प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है, लेकिन कई मामलों में वास्तविक आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रेस क्लब पदाधिकारियों को ही बयान हेतु बुलाया जाता है, जिससे पत्रकारों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन रहा है।


प्रेस क्लब ने मांग की कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष एवं तथ्यों पर आधारित जांच हो, झूठी एवं प्रतिशोधात्मक शिकायतों की सत्यता जांचने के बाद ही कार्रवाई की जाए तथा पत्रकारों एवं प्रेस क्लब द्वारा अग्रेषित शिकायतों पर त्वरित न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पत्रकारों के सम्मानजनक व्यवहार एवं संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण हेतु स्पष्ट प्रशासनिक प्रोटोकॉल बनाए जाने की भी मांग की गई।


इस अवसर पर जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, सचिव दलजीत सिंह चावला, कोषाध्यक्ष राजेश्वर गिरी, विजय तिवारी, राघवेंद्र सिंह, राजा वालेचा, श्रावण ध्रुव, पुष्पकांत मेजर, मिथलेश वर्मा, गोविंद रात्रे, लाकेश बघेल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।