प्रदेश में बढ़ती गर्मी को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी, कई जिलों में लू चलने की संभावना
21 अप्रैल 2026। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। जारी चेतावनी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, कबीरधाम, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर एवं राजनांदगांव जिले प्रभावित हो सकते हैं। मौसम में अचानक आई तेज गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायगढ़ डॉ. अनिल कुमार जगत ने लू से बचाव, उसके लक्षण एवं प्राथमिक उपचार को लेकर विस्तृत जानकारी जारी की है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में लू का प्रभाव गंभीर हो सकता है, इसलिए नागरिक आवश्यक सावधानियां अवश्य अपनाएं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा हल्के, सूती एवं ढीले कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखें और छतरी, टोपी या कपड़े का उपयोग करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा नियमित रूप से पानी, छाछ, ओआरएस घोल, लस्सी, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करते रहें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू के प्रमुख लक्षणों में सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना, बेहोशी, कमजोरी, शरीर में ऐंठन तथा नब्ज का असामान्य होना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सतर्क होने की आवश्यकता है।
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर लिटाएं, उसके कपड़े ढीले करें और ठंडे पानी की पट्टियां रखें, ताकि शरीर का तापमान कम किया जा सके। साथ ही उसे पानी, ओआरएस घोल या कच्चे आम का पना जैसे तरल पदार्थ पिलाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सलाह दी है कि धूप में खाली पेट बाहर न निकलें, ज्यादा मिर्च-मसाले या बासी भोजन से परहेज करें तथा कूलर या एसी से निकलकर अचानक तेज धूप में जाने से बचें। यदि स्थिति गंभीर हो तो प्रभावित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि लापरवाही न बरतें और लू से बचाव के उपायों का पालन कर सुरक्षित रहें।












0 टिप्पणियाँ