प्रेस विज्ञप्ति

बलौदाबाजार शहर कांग्रेस कमेटी ने नगर हित के मुद्दों को लेकर CMO से की मुलाकात

बलौदाबाजार। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) से मुलाकात कर नगर में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


मुलाकात के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित भुगतान को लेकर नाराजगी जताई तथा अधिकारियों से शीघ्र निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब, बुजुर्ग, विधवा एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और किसी भी पात्र हितग्राही को परेशान नहीं होना चाहिए।


उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रुकी हुई किस्तों एवं जारी भुगतान की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से लंबित पेंशन राशि और आवास योजना की रुकी किस्तों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


बैठक में रामसागर तालाब में चल रहे खुदाई कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हुई नालियों एवं सड़कों की मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रवीण सेन ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश देने की बात कही, जिससे नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।


इसके अतिरिक्त पिपरा तालाब क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को भी जल्द प्रारंभ कराने की मांग रखी गई।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही लंबित पेंशन राशि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तों का भुगतान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।


इस अवसर पर पार्षद रविंद्र नामदेव, पार्षद सुरेश हिट लहरी, पार्षद गोविंद पात्रे, अजय भारती, पूर्व पार्षद तिलक कनोजे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


अंत में प्रवीण सेन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है तथा आगे भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।