24 जून को मनाया जाएगा बलौदाबाजार प्रेस क्लब का पंजीयन स्थापना दिवस एवं पत्रकार सम्मान समारोह 

मंत्री टंकराम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल, जिलेभर के लगभग 100 पत्रकारों का होगा सम्मान

बलौदाबाजार। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और सामाजिक दायित्वों को सम्मान देने के उद्देश्य से बलौदाबाजार प्रेस क्लब का पंजीयन स्थापना दिवस एवं पत्रकार सम्मान समारोह 24 जून 2026 (बुधवार) को स्थानीय जिला ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा।

शाम 5 बजे से प्रारंभ होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाटापारा विधायक इंद्र साव, कसडोल विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भारत स्काउट एवं गाइड के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय केसरवानी तथा वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

समारोह का प्रमुख आकर्षण जिलेभर से आए लगभग 100 पत्रकारों का सम्मान होगा। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं स्वतंत्र पत्रकारिता से जुड़े उन पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने जनहित, निष्पक्षता और साहसपूर्ण पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के अनुसार स्थापना दिवस केवल संगठन का वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने, संगठनात्मक एकता को मजबूत करने और पत्रकारिता के मूल्यों को प्रोत्साहित करने का अवसर है। कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

इस अवसर पर पत्रकारिता के समक्ष वर्तमान चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य, डिजिटल युग में मीडिया की जिम्मेदारियों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में पत्रकारों की भूमिका पर विचार-विमर्श भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न विशेषज्ञ और वरिष्ठजन अपने विचार साझा करेंगे।

बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने नागरिकों और पत्रकार बंधुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।