कोरबा में पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग पर पाया गया काबू, लाखों का नुकसान


कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बाईपास के पास स्थित एक पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग पर प्रशासन और दमकल टीमों की कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और पुलिस प्रशासन की दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद गोदाम से लगातार विस्फोट जैसी आवाजें आती रहीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा नगर पालिका की दमकल टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।

इसके बाद एनटीपीसी, बालको, सीएसईबी, मारुति पावर प्लांट और पुलिस लाइन की कुल पांच दमकल गाड़ियों को भी राहत कार्य में लगाया गया। सभी टीमों के संयुक्त प्रयास से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

गोदाम संचालक प्रदीप शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में गोदाम में रखे लगभग 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे एवं अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनाथ तिवारी ने बताया कि सभी प्रमुख फायर ब्रिगेडों के सहयोग से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि गोदाम रामपुर बाईपास क्षेत्र में आबादी से दूर स्थित था और आसपास कोई रिहायशी मकान नहीं था। इसी कारण इस भीषण आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस एवं प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।