बलौदाबाजार में पत्रकारिता का ऐतिहासिक क्षण: प्रेस क्लब के प्रथम स्थापना दिवस पर ‘सृजन भूमि छत्तीसगढ़’ के संपादक प्रीतलाल कुर्रे सम्मानित



बलौदाबाजार। बलौदाबाजार प्रेस क्लब के प्रथम पंजीयन एवं स्थापना दिवस के अवसर पर नगर के ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता जगत की उल्लेखनीय हस्तियों का सम्मान किया गया। इसी क्रम में ‘सृजन भूमि छत्तीसगढ़’ दैनिक समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक प्रीतलाल कुर्रे को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रेस क्लब के आधिकारिक न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा कि जनहित की पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है तथा शासन और जनता के बीच सेतु का काम निभाती है।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, कसडोल विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के अध्यक्ष अशोक जैन सहित प्रेस क्लब के संरक्षकगण एवं अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद प्रेस क्लब के आधिकारिक न्यूज़ पोर्टल का लोकार्पण किया गया, जिसे जिले की पत्रकारिता को डिजिटल मंच पर सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

इस अवसर पर जिलेभर से आए पत्रकारों का सम्मान किया गया। ‘सृजन भूमि छत्तीसगढ़’ के संपादक प्रीतलाल कुर्रे को मिला सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहा। उपस्थित अतिथियों ने उनके पत्रकारिता के प्रति समर्पण, निष्पक्ष कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की सराहना की।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारियाँ और बढ़ गई हैं तथा सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों को बनाए रखना ही मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और इसे बलौदाबाजार की पत्रकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा गया।