प्रतिभाओं का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य का संदेश
डॉ. अंबेडकर एजुकेशन – "पे बैक टू सोसाइटी" के तत्वावधान में प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह संपन्न
जांजगीर-चांपा। शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के उद्देश्य से डॉ. अंबेडकर एजुकेशन – पे बैक टू सोसाइटी के तत्वावधान में जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर-चांपा में प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री दिलीप वासनीकर (आईएएस) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दसवीं एवं बारहवीं के बाद सही दिशा में करियर का चयन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता एवं लक्ष्य के अनुरूप विषय और करियर चुनने का आह्वान करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अपर कलेक्टर श्री एस.पी. वैद्य ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर पीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश लेने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर श्री सत्येंद्र बंजारे, श्री शशि चौधरी एवं महासचिव श्री बी.आर. रत्नाकर की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के विशिष्ट आमंत्रित अतिथि डॉ. चंद्रशेखर खरे (वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, प्रक्षेत्र प्रबंधक, कृषि विज्ञान केंद्र, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार समय, ज्ञान, श्रम, धन अथवा संसाधनों के माध्यम से समाज के प्रति अपना दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य विज्ञान, पशुपालन, वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पीएटी, आईसीएआर, आईटीआई, पीएससी, एसएससी, यूपीएससी, सीपेट, आरसेटी प्रशिक्षण सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही क्रॉप डॉक्टर, दामिनी बिजली चेतावनी, हर्बकेल एवं राइस आईएफसी जैसे उपयोगी मोबाइल एप्स की जानकारी देकर आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ने का संदेश दिया।
समारोह में कु. लक्ष्य खरे, पिता श्री धर्मेंद्र कुमार खरे, को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 93.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्यारेलाल आदिले, डॉ. कुंज किशोर, डॉ. एस.एल. ओग्रे, डॉ. पैगवार, डॉ. विजय मनहर, डॉ. जागृति, श्री रोहित खूंटे सहित जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
सृजन भूमि विशेष
"प्रतिभा तभी सार्थक होती है, जब वह समाज के विकास और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करने के साथ उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचने की प्रेरणा देते हैं।"












0 टिप्पणियाँ