वीबी ग्रामजी योजना के तहत बलौदाबाजार जनपद की पांच पंचायतों में बनेंगे मुक्तिधाम


बलौदाबाजार। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वीबी ग्रामजी योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत बलौदाबाजार की पांच ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल की पहल से स्वीकृत इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


योजना के तहत ग्राम पंचायत सुड़ेली, खैदा (ड), अमलीडीह (खमरिया), मगरचबा एवं सरकीपार में मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा। इन ग्राम पंचायतों में लंबे समय से मुक्तिधाम निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब ग्रामीणों को इस सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।


इन निर्माण कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। साथ ही मुक्तिधाम परिसर के व्यवस्थित विकास से पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।


मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिमगा पीसी पटेल ने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्य प्रारंभ करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पंचायतों द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सभी कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।