सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने भीम रेजिमेंट की अनूठी पहल
बेजुबान मवेशियों के गले में बांधी गई रेडियम पट्टी, रात में दूर से चमकेंगे पशु
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय एवं आसपास के प्रमुख मार्गों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात के समय आवारा मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से भीम रेजिमेंट संगठन ने अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। संगठन के युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष डिकेश्वर घृतलहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर घूमने वाले बेजुबान मवेशियों के गले में चमकीली पीली रेडियम पट्टी (Reflective Belt) बांधने का अभियान चलाया।
हेडलाइट पड़ते ही दूर से दिखाई देंगी रेडियम पट्टियां
भीम रेजिमेंट युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष डिकेश्वर घृतलहरे ने बताया कि बरसात और ठंड के मौसम में कई बार मवेशी सड़क, डिवाइडर या सड़क किनारे बैठ जाते हैं। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को ये मवेशी समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
इसी समस्या को देखते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां बांधी जा रही हैं। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर ये पट्टियां चमकती हैं, जिससे अंधेरे में मवेशी दूर से ही दिखाई देने लगते हैं और वाहन चालक समय रहते सावधानी बरत सकते हैं।
एक छोटी पहल, कई जिंदगियों की सुरक्षा
डिकेश्वर घृतलहरे ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी किसी राहगीर और वाहन चालक की जान बचाने के साथ-साथ बेजुबान पशुओं को भी दुर्घटना का शिकार होने से बचा सकती है।
उन्होंने जिले के नागरिकों, युवाओं और समाजसेवियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे अभियान चलाएं तथा सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करें।
कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को भी किया जागरूक
अभियान के दौरान भीम रेजिमेंट के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुख्य मार्गों पर पहुंचे और सड़क पर मौजूद मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां पहनाईं। इस दौरान वाहन चालकों एवं राहगीरों को भी रात में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने, सावधानी बरतने और सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
भीम रेजिमेंट की इस पहल को स्थानीय स्तर पर पशु सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को जोड़ने वाला जन-जागरूकता अभियान बताया जा रहा है।







0 टिप्पणियाँ