सड़क या मौत का गड्ढा। बलौदाबाजार-सुहेला मार्ग की बदहाली से बढ़ा खतरा, प्रशासन और जिम्मेदार एजेंसियों पर उठे सवाल
बलौदाबाजार से सुहेला को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ के कारण इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ जोखिम भरा भी हो गया है। रोजाना इस सड़क से स्कूली बच्चे, ग्रामीण, किसान, व्यापारी और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसके चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं बारिश के बाद सड़क से उड़ने वाली धूल भी आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
*भारी वाहनों पर उठ रहे सवाल*
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस सड़क की बदहाल स्थिति के पीछे लगातार चलने वाले भारी वाहनों की भी बड़ी भूमिका है। उनका कहना है कि इस मार्ग के आसपास स्थित सीमेंट संयंत्रों से निकलने वाले ट्रक और हाइवा बड़ी संख्या में इसी सड़क से गुजरते हैं, जिससे सड़क पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उद्योगों के भारी वाहनों का नियमित आवागमन हो रहा है, तो सड़क के रखरखाव और मरम्मत में संबंधित एजेंसियों और कंपनियों की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हालांकि, इस संबंध में संबंधित सीमेंट कंपनियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
*जनता का सवाल-आखिर मरम्मत का इंतजार कब तक?*
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग मौके का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करे।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल आते-जाते हैं। अभिभावकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना से पहले सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य कराया जाना जरूरी है।
*लोक निर्माण विभाग से जवाबदेही की मांग*
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सवाल किए हैं। खराब सड़क की जानकारी होने के बावजूद अब तक स्थायी मरम्मत क्यों नहीं की गई? सड़क सुधार कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है? भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क के सुदृढ़ीकरण की क्या योजना है? आम लोगों की परेशानी कम करने के लिए तत्काल क्या कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बलौदाबाजार -सुहेला मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी और सड़क सुधार कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही, भारी वाहनों के नियमित आवागमन को देखते हुए सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाए।
यह मामला केवल एक सड़क की खराब हालत का नहीं, बल्कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और संबंधित पक्षों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।





0 टिप्पणियाँ