राष्ट्रीय सम्मान समारोह में चमकीं लोककला और साहित्य की प्रतिभाएं

प्रतिभाएं हुईं सम्मानित



लोककला, साहित्य पर वैचारिक संगोष्ठी एवं राष्ट्रीय सम्मान समारोह संपन्न

रायपुर। राष्ट्रीय हिन्दी मासिक पत्रिका ‘धरोहर हमारे गौरव’ के तत्वावधान में शिखर साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ द्वारा राजधानी रायपुर स्थित वृंदावन हाल में लोककला एवं साहित्य पर वैचारिक संगोष्ठी तथा राष्ट्रीय सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में देशभर से पहुंचे कलाकार, साहित्यकार, समाजसेवी, कृषक, पत्रकार, खिलाड़ी, चिकित्सक, नवसृजनकर्ता एवं मातृशक्ति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को विविध अलंकरणों से सम्मानित किया गया।

समारोह में मंचस्थ अतिथियों राजमहल जशपुर की रानी साहिबा मा. संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, पद्मश्री फूलबासन यादव, पद्मश्री डॉ. अजय कुमार मंडावी, साहेब राव राठौर एवं शिखर साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. मन्नूलाल चेलक के करकमलों से सम्मानित विभूतियों को अलंकरण, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर तथा अकादमी का पारंपरिक साफा पहनाकर भव्य अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ की सुमधुर प्रस्तुति से कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हुआ। अतिथियों का जय लिंगों बाबा आदिवासी मांदरी दल द्वारा पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ स्वागत एवं मंचस्थ कराया गया।

अतिथियों के आशीर्वचन एवं प्रेरक उद्बोधन के पश्चात देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 100 विभूतियों को उनके साहित्यिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान तथा समाजसेवा के प्रति सक्रियता को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शिखर साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय हिन्दी मासिक पत्रिका ‘धरोहर हमारे गौरव’ के प्रधान संपादक डॉ. मन्नूलाल चेलक ने स्वागत उद्बोधन दिया। वहीं शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. शिवकुमार श्रीवास ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर समीक्षात्मक प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान डॉ. नीरामणी श्रीवास ‘नियति’ एवं डॉ. शिवकुमार श्रीवास द्वारा रचित पुस्तकों ‘नीरांजली’, ‘शिवांजली’, ‘ज्ञानांजली’ एवं ‘भावांजली’ का मंचस्थ अतिथियों द्वारा विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. विजय कुमार मिर्चें, नूतन लाल साहू एवं राजनंदनी आयुषी मुन्ना चेलक द्वारा किया गया। समारोह में साहित्य, लोककला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, कलाकार एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ